Saturday, October 24, 2026

शपथ का शतक, सेवा के 10वें वर्ष में 100 दिव्यांगजनों को मिली ट्राइसाइकिल

भिलाई : न्यूज़ 36 : दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके जीवन को सुगम बनाने के उद्देश्य से निरंतर कार्य कर रही शपथ फाउंडेशन ने अपने सेवा कार्यों के दसवें वर्ष में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। संस्था द्वारा अब तक सफलतापूर्वक 100 दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल प्रदान की जा चुकी हैं। इसी क्रम में आज दो जरुरतमंद दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल प्रदान की गई।

इस अवसर पर कृष्णानगर निवासी सूरज साहू को ट्राइसाइकिल प्रदान की गई। सूरज साहू लगभग 80 प्रतिशत दिव्यांगता के बावजूद आत्मनिर्भरता और कर्मठता की मिसाल पेश कर रहे हैं। वे गणेश मंदिर के सामने प्रसाद बेचकर अपने जीवन का निर्वाह करते हैं। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद उनका निरंतर कार्य करते रहना उनके हौसले और आत्मसम्मान को दर्शाता है। ट्राइसाइकिल मिलने से उनके दैनिक जीवन और आजीविका के कार्यों में सुविधा मिलने की उम्मीद है।वहीं, शंकरपारा निवासी हरीशचंद्र, जो घूम-घूमकर गुब्बारे बेचने का कार्य करते हैं, उन्हें भी ट्राइसाइकिल प्रदान की गई। संस्था का उद्देश्य ऐसे जरूरतमंद लोगों को सहयोग देना है, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद मेहनत करके अपना जीवनयापन कर रहे हैं।

इस सेवा कार्य में एफएसएनएल के महाप्रबंधक श्री पंकज त्यागी जी का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने दोनों ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने में सहयोग दिया। शपथ फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री अशोक गुप्ता जी ने लाभार्थियों तक ट्राइसाइकिल पहुँचाने की जिम्मेदारी निभाई। संस्था के संरक्षक एवं पूर्व सीएसपी श्री वीरेंद्र सतपथी जी का भी संस्था को निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग प्राप्त होता रहा है।

शपथ फाउंडेशन विगत दस वर्षों से दिव्यांगजनों के सहयोग, सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर प्रयासरत है। संस्था का मानना है कि दिव्यांगजनों को केवल सहायता प्रदान करना ही नहीं, बल्कि उन्हें अपने पैरों पर खड़े होने और सम्मानपूर्वक जीवन जीने के अवसर उपलब्ध कराना भी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

शपथ फाउंडेशन की यह पहल समाज में संवेदनशीलता, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है। संस्था भविष्य में भी जरूरतमंद दिव्यांगजनों की सहायता के लिए अपने सेवा कार्य जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news