भारतीय दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया शुरु, IB और BSF के सहयोग से पश्चिम बंगाल में कार्रवाई
आधार कार्ड और राशन कार्ड के सत्यापन व निरस्तीकरण के लिए संबंधित विभागों को भेजा जाएगा मामला
दुर्ग : न्यूज़ 36 : जिले में अवैध रूप से निवासरत विदेशी नागरिकों की पहचान और सत्यापन के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने बांग्लादेशी नागरिक रीना अख्तर के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस की एसटीएफ टीम ने पश्चिम बंगाल में इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और सीमा सुरक्षा बल (BSF) के सहयोग से 23 अक्टूबर 2026 को रीना अख्तर को नियमानुसार भारत से डिपोर्ट किया।
दुर्ग पुलिस के अनुसार, जिले में विदेशी नागरिकों की पहचान और दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान रीना अख्तर के भारत में अवैध रूप से निवासरत होने की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद मामले में आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई और दुर्ग पुलिस की एसटीएफ टीम को पश्चिम बंगाल भेजा गया। वहां केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर कार्रवाई की गई।
आधार कार्ड और राशन कार्ड के सत्यापन की प्रक्रिया शुरू
पुलिस के मुताबिक, रीना अख्तर द्वारा आधार कार्ड, राशन कार्ड सहित अन्य भारतीय दस्तावेज प्राप्त किए जाने के संबंध में भी कार्रवाई की जा रही है। इन दस्तावेजों के सत्यापन और नियमानुसार निरस्तीकरण के लिए संबंधित विभागों के समक्ष प्रक्रिया शुरु की गई है। पुलिस का उद्देश्य कथित तौर पर अवैध रूप से प्राप्त दस्तावेजों के दुरुपयोग को रोकना और ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति की आशंका को कम करना है।
संदिग्ध विदेशी नागरिकों की सूचना देने की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विदेशी नागरिक के अवैध निवास अथवा फर्जी दस्तावेजों के संबंध में जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। प्राप्त सूचनाओं का नियमानुसार सत्यापन कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हेल्पलाइन नंबर: 1800-233-1905
दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रूप से निवासरत विदेशी नागरिकों की पहचान, दस्तावेजों के सत्यापन और संबंधित विभागों एवं केंद्रीय एजेंसियों के समन्वय से वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
