दुर्ग : न्यूज़ 36 : यात्रियों की सुविधा के लिए रायपुर से रावघाट तक जाने के लिए सीधी ट्रेन की सुविधा प्रारंभ हो चुकी है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा रायपुर रावघाट नई मेमू पैसेंजर ट्रेन का शुभारंभ 20 अक्टूबर को किया गया है। रावघाट से रायपुर के बीच की दूरी 219 किलोमीटर है। रायपुर से रावघाट का जनरल टिकट का किराया 55 रुपए है, दुर्ग से 40 रुपए किराया यात्रियों को देना पड़ेगा। यह ट्रेन शनिवार को छोड़कर सप्ताह के बाकी दिनों में चलेगी।
दल्ली राजहरा एवं रावघाट के मध्य 1628 करोड़ की लागत से 95 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन का कार्य पूर्ण हो गया है। ताडोकी से रावघाट के बीच 17.5 किलोमीटर रेल लाइन का कार्य पूरा होने के साथ ही इसका शुभारंभ कर दिया गया है। ताड़ोकी -रावघाट एवं अभनपुर- कुरूद ब्रॉडगेज रेल लाइन का उद्घाटन 20 अक्टूबर को किया गया है। आजादी के बाद पहली बार रावघाट तक रेल पहुंचेगी जो दक्षिण छत्तीसगढ़ के दूरस्थ क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि होगी। रावघाट- रायपुर एवं रायपुर- कुरूद नई यात्री रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया है। इस ट्रेन के प्रारंभ हो जाने से विद्यार्थियों, नौकरी पेशा लोगों, व्यापारियों, किसानों तथा अन्य यात्रियों को लाभ मिलेगा।
नई स्पेशल मेमू ट्रेन संख्या 68769 को सुबह 6:30 बजे रावघाट से प्रारंभ किया जाएगा। उक्त ट्रेन 6:40 बजे ताड़ोकी,
7.01 बजे अंतागढ़, 8:02 पर दल्ली राजहरा, 8.28 को बालोद, 9.09 बजे रिसामा, 11:40 बजे दुर्ग, 11:46 बजे भिलाई नगर, 11.51 को भिलाई पावर हाउस होते हुए दोपहर 1.05 को रायपुर पहुंचेगी।
इसी तरह ट्रेन संख्या 68768 रायपुर- रावघाट मेमू ट्रेन दोपहर 1:20 बजे रायपुर से छूटेगी जो भिलाई पावर हाउस 1.54 बजे, भिलाई नगर में दोपहर 2:00 बजे, दुर्ग में 2:30 बजे, रिसामा में 3.13, बालोद में शाम 4:06, दल्ली राजहरा में 4.40,अंतागढ़ में 5.50 ताड़ोकी में 6.25 एवं राव घाट में शाम 7:00 पहुंचेगी।
इसी तरह दुर्ग से अंतागढ़ जाने के लिए भी यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन चलाई जा रही है। रायपुर से अंतागढ़ मेमू स्पेशल ट्रेन 78815 का समय दुर्ग स्टेशन पर 10:20 बजे का है जो अंतागढ़ 1.25 बजे पहुंचती है। गोंदिया- डोंगरगढ़ मेमू स्पेशल ट्रेन संख्या 08712 दुर्ग स्टेशन पर आने के बाद सुबह लगभग 7:00 बजे अंतागढ़ के लिए रवाना की जा रही है। जिसका वहां पहुंचने का समय 9:53 है। इस ट्रेन से सैकड़ो यात्री प्रतिदिन आना जाना कर रहे हैं। रायपुर- ताड़ोकी स्पेशल ट्रेन दुर्ग से रात 7:05 को छूटेगी जो अंतागढ़ रात लगभग 10:00 बजे पहुंचती है।
इसी तरह अंतागढ़ से दुर्ग वापसी के लिए ट्रेन संख्या 78818 दोपहर 1:35 को अंतागढ़ से प्रस्थान करती है जो दुर्ग शाम 4:40 बजे प्रतिदिन पहुंचती है। दल्ली राजहरा- रायपुर पैसेंजर 78816 को अंतागढ़ से सुबह 4:45 बजे छोड़ा जा रहा है जो 7.50 बजे प्रतिदिन दुर्ग स्टेशन पहुंच रही है।
आप की राय
[yop_poll id="1"]
