भिलाई : न्यूज़ 36 : तालपुरी A और B ब्लॉक में स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) स्थानीय निवासियों के लिए नासूर बन गया है। बिल्डिंग नंबर 8 से महज 8-10 मीटर दूर स्थित STP से निकलने वाली तेज दुर्गंध के कारण लोग पिछले 8-10 वर्षों से परेशान हैं। समाधान के नाम पर सिर्फ आश्वासन मिलने से नाराज निवासियों ने अब आगामी नगर निगम चुनाव के बहिष्कार का ऐलान किया है।
भाजपा-कांग्रेस दोनों सरकारों में नहीं हुआ समाधान
निवासियों का कहना है कि इस दौरान भाजपा और कांग्रेस दोनों की सरकारें रहीं, लेकिन किसी ने भी STP हटाने की मांग को पूरा नहीं किया। पार्षद से लेकर मंत्री और निगम अधिकारियों तक ने कई बार निरीक्षण कर आश्वासन दिया, लेकिन स्थिति जस की तस है।
NGT और CPGRAMS में शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं
समस्या को लेकर निवासियों ने राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) और CPGRAMS पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई। निगम ने जांच और कार्रवाई की बात कही, लेकिन ठोस हल नहीं निकला।

2 करोड़ की योजना फाइलों में अटकी
करीब चार साल पहले निगम ने तालपुरी के STP को हटाकर BSP के सीवरेज नेटवर्क से जोड़ने की फिजिबिलिटी स्टडी कराई थी, जिसका अनुमानित बजट 2 करोड़ रुपये बताया गया था। लेकिन कभी स्वीकृति, कभी रायपुर से अनुमति तो कभी बजट का हवाला देकर प्रोजेक्ट को टाला जाता रहा।
निवासियों ने मांग की है कि प्रशासन परियोजना की वर्तमान स्थिति स्पष्ट करे और काम शुरू करने की समय-सीमा सार्वजनिक करे। उनका कहना है कि यह किसी दल का मुद्दा नहीं, बल्कि स्वास्थ्य और सम्मानजनक जीवन से जुड़ा जनहित का विषय है।
