भिलाई : न्यूज़ 36 : सूर्या माल में ग्राहकों से पार्किंग शुल्क वसूले जाने के विरोध में जनता युवा कांग्रेस छत्तीसगढ़ ने विरोध जताया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि माल में पार्किंग शुल्क की वसूली जारी रही तो माल के बाहर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। जनता युवा कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे के प्रदेश महासचिव अनुरुध वर्मा ने कहा कि माल में खरीदारी के लिए आने वाले ग्राहकों से पार्किंग शुल्क वसूले जाने के मामले में शासन-प्रशासन को गंभीरता से संज्ञान लेना चाहिए। उन्होंने बताया कि दोपहिया वाहनों से 25 रुपये और कारों से 60 रुपये पार्किंग शुल्क लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शापिंग मॉल में आने वाले ग्राहकों के लिए पार्किंग व्यवस्था को लेकर निर्धारित नियमों की जांच की जानी चाहिए। यदि शुल्क वसूली नियमों के विपरीत है तो संबंधित मॉल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। जिला प्रशासन से मामले में तत्काल संज्ञान लेकर नियमों के अनुसार उचित कार्रवाई करने की मांग की है। संगठन ने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए पार्किंग शुल्क वसूली के संबंध में नियमों की जांच कर आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।
