भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन-ज्ञानार्जन एवं विकास केंद्र में शुक्रवार को लार्ज ग्रुप इंटरेक्शन का आयोजन किया गया। निदेशक प्रभारी चित्तरंजन महापात्र ने अधिकारियों, कर्मचारियों, सुपरवाइजर, ठेका श्रमिकों और सुरक्षा योद्धाओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) राकेश कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य “हर व्यक्ति की प्रतिदिन सुरक्षित घर वापसी” और शून्य जनहानि के लक्ष्य के साथ सुरक्षित इस्पात उत्पादन सुनिश्चित करना रहा।
मुख्य महाप्रबंधक (SED) श्रीमती पुष्पा एम्ब्रोस ने सुरक्षा प्रक्रियाओं और प्रमुख पहलों पर प्रस्तुति दी।

संवाद के दौरान निदेशक प्रभारी ने कहा कि कार्यस्थल पर सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है। सर्वोत्तम सुरक्षा प्रथाओं को सभी विभागों में अपनाना होगा। यह सुनिश्चित करना होगा कि हर कर्मचारी हर पाली के बाद सुरक्षित घर लौटे।
चर्चा में सड़क सुरक्षा, नियर-मिस घटनाएं, परमिट-टू-वर्क प्रक्रिया के मानकीकरण और टूलबॉक्स वार्ता की भूमिका पर मंथन हुआ। ठेका श्रमिकों में सुरक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में BSP कर्मचारियों की भूमिका पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन सुश्री शालिनी चौरसिया ने किया और मुख्य महाप्रबंधक (HR) प्रशांत ओझा ने आभार व्यक्त किया।
