दुर्ग : न्यूज़ 36 : जेवरा सिरसा भटगांव) क्षेत्र में शिवनाथ नदी में मछली पकड़ने के दौरान डूबे युवक का शव एसडीआरएफ की टीम ने तीन दिन तक चले सघन तलाशी अभियान के बाद मंगलवार को बरामद कर लिया। युवक 20 सितंबर को नदी के गहरे पानी में डूब गया था। घटना के बाद से ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। मंगलवार को ग्राम डांडेसरा के पास शिवनाथ नदी में गोताखोरों ने शव को खोज निकाला।
जामुल के घासीदास नगर वार्ड-23 निवासी पवन कुमार ठाकुर (25) पिता अनिल कुमार ठाकुर 20 सितंबर को जेवरा सिरसा-भटगांव क्षेत्र स्थित शिवनाथ नदी में मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान वह अचानक नदी के गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव के कारण डूब गया। आसपास मौजूद – लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा जिला सेनानी, दुर्ग के निर्देशन में एसडीआरएफ की प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को आवश्यक बचाव उपकरणों के साथ रवाना किया गया।
एसडीआरएफ की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर मोटर बोट और डीप डाइविंग किट की सहायता से नदी के गहरे हिस्सों में तलाशी शुरू की। टीम ने लाइफ बाय, लाइफ जैकेट और सर्च हुक सहित अन्य उपकरणों का इस्तेमाल किया। नदी में तेज बहाव और गहराई के कारण रेस्क्यू टीम को तलाशी अभियान के दौरान कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद गोताखोरों ने लगातार तीन दिनों तक अलग-अलग हिस्सों में खोजबीन जारी रखी। मंगलवार को अभियान के तीसरे दिन एसडीआरएफ के कुशल गोताखोरों को ग्राम डांडेसरा के पास शिवनाथ नदी में युवक का शव दिखाई दिया। टीम ने सावधानीपूर्वक शव को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद शव को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई और पंचनामा के लिए स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने शव स्वजन को सौंप दिया।
