भिलाई : न्यूज़ 36 : संदिग्ध व्यक्तियों, अवैध मादक पदार्थों और गुंडा बदमाशों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जामुल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक नामी गुंडा बदमाश को धारदार हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान तीन वारंटियों को भी पकड़ा है, जिन्हें संबंधित न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर की सुबह थाना जामुल क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं गुंडा बदमाशों की जांच के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान घासीदास नगर निवासी जावेद हुसैन (34 वर्ष) की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से लोहे का एक धारदार हथियार बरामद किया गया।
जावेद हुसैन के खिलाफ पूर्व में मारपीट के दो, हत्या के प्रयास का एक तथा बलात्कार का एक प्रकरण दर्ज होना बताया गया है। हथियार बरामद होने के बाद जामुल थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 702/2026. धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर
वैधानिक कार्रवाई शुरु कर दी है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी धारदार हथियार अपने कब्जे में लेकर सार्वजनिक क्षेत्र में घूम रहा था। हथियार रखने के संबंध में पुलिस द्वारा आगे की विवेचना की जा रही है। आरोपी ब्लॉक-आई, क्वार्टर नंबर 26, बॉम्बे आवास, घासीदास नगर का निवासी है।
इसी चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने तीन वारंटियों को भी पकड़ा है। पुलिस द्वारा उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करते हुए संबंधित न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
दुर्ग पुलिस ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, अवैध गतिविधि अथवा हथियार संबंधी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। विवाद या हिंसा की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय पुलिस को सूचना देकर वैधानिक सहायता लेने की अपील की गई है।
