भिलाई : न्यूज़ 36 : सिरसा गेट अंडरब्रिज में सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में बुलेट सवार 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। चलती बुलेट अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे युवक सड़क पर गिर गया। सिर में गंभीर चोट आने के कारण उसकी हालत गंभीर हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान ग्राम सोमनी निवासी करण वर्मा (21) के रूप में हुई है।
करण कालेज में पढ़ाई कर रहा था। वह दो भाइयों में छोटा था। सोमवार सुबह वह अपनी बुलेट से भिलाई-3 आया था। यहां कुछ खरीदारी करने के बाद वह वापस अपने गांव सोमनी लौट रहा था। इसी दौरान सिरसा गेट अंडरब्रिज में उसकी बुलेट अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई। इससे करण बुलेट समेत सड़क पर जा गिरा। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग मदद के लिए पहुंचे। लोगों ने घायल करण को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार शुरू होने से पहले ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुरानी भिलाई पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
करण की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। बताया गया कि करण के पिता रामकिशन पुरेना स्थित एनएसपीसीएल पावर प्लांट में कार्यरत हैं। परिवार पहले ही करीब 15 दिन पहले करण के दादा के निधन से सदमे में था। दादा के निधन के कुछ ही दिनों बाद घर के युवा सदस्य की सड़क हादसे में मौत ने परिवार को गहरे शोक में डाल दिया है। नगर पुलिस अधीक्षक छावनी प्रशांत पैकरा ने हादसे में युवक की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सड़क हादसे में युवक की मौत हुई है। पुरानी भिलाई पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
