Tuesday, September 15, 2026

BSP में फिर दर्दनाक हादसा, मशीन में दबकर ठेका श्रमिक की मौत

स्किड स्टीयर लोडर के फ्रंट डोर और बकेट के बीच फंसा श्रमिक

भिलाई : न्यूज 36 : भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) के कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग में सोमवार शाम हुए हादसे में 33 वर्षीय ठेका श्रमिक की मौत हो गई। घटना शाम करीब 4.35 बजे कोक ओवन बैटरी नंबर-5 व 6 के एमसीआर-3 के पीछे हुई। मृतक की पहचान ललित कुमार साहू के रूप में हुई है। वह मेसर्स उत्कल प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड में एसएसडब्ल्यू के पद पर कार्यरत था और सामान्य पाली में ड्यूटी पर था।

मशीन और दरवाजे के बीच फंसा

घटना के दौरान एमसीआर-3 क्षेत्र से अचानक आवाज सुनकर आसपास के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। वहां ललित स्किड स्टीयर लोडर के फ्रंट डोर और बकेट के बीच फंसा मिला। मशीन चालू अवस्था में थी। कर्मचारियों ने उसे बाहर निकालकर तत्काल एंबुलेंस से मेन मेडिकल पोस्ट-1 पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल

हादसे की परिस्थितियों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और निर्धारित सेफ्टी स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) के पालन पर सवाल उठ रहे हैं। मशीन उस समय किस उसके फ्रंट डोर व बकेट के बीच परिस्थिति में चालू थी और श्रमिक कैसे फंसा, इसकी जांच से हादसे की वास्तविक वजह सामने आएगी।

निष्पक्ष जांच की मांग

इंटक महासचिव संजय साहू के अनुसार ललित उत्कल प्रोजेक्ट्स के अधीन कार्यरत था। नेशनल फ्रंट ऑफ ट्रेड यूनियन के जिला अध्यक्ष के. राजू ने घटना की निष्पक्ष जांच कर फैक्ट्री मैनेजर और कारखाना अधिभोगी की जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। उन्होंने लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

प्रबंधन ने कहा-कारणों की जांच जारी

जनसंपर्क विभाग के अनुसार घटना की जानकारी मिलते ही बचाव कार्य शुरू किया और श्रमिक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही दिवंगत श्रमिक के परिवार को आवश्यक सहायता और सहयोग देने की बात कही है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news