Tuesday, September 15, 2026

BSP में श्रमिकों को बड़ी जीत, प्रत्येक कर्मी को 10 से 21 हजार तक का भुगतान, कुल 13 लाख से अधिक राशि खातों में

भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्यरत सैकड़ों ठेका श्रमिकों को आखिरकार उनका हक मिला है। लंबे संघर्ष और प्रयासों के बाद प्लांट में कार्यरत श्रमिकों का अंतिम भुगतान करा दिया गया है। प्रत्येक कर्मी के खाते में 10,000 से 21,000 रुपये तक की राशि ट्रांसफर की गई है, जिसकी कुल राशि 13,24,806 रुपये है।
यह भुगतान ठेकेदार और केंद्रीय श्रमायुक्त के हस्तक्षेप के बाद कराया गया। भुगतान में बोनस, छुट्टी का वेतन, राष्ट्रीय अवकाश सहित अन्य सभी बकाया राशि शामिल है।

शोषण के खिलाफ यूनियन की हुंकार

इस मामले पर जोहार इस्पात श्रमिक संघ के अध्यक्ष अरुण सिंह सिसोदिया ने कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र सहित अन्य निजी संयंत्रों में कंपनियों और ठेकेदारों द्वारा श्रमिकों का निरंतर शोषण किया जा रहा है। मनमानी, कम भुगतान और सुरक्षा मानकों में लापरवाही आम बात हो गई है।
उन्होंने कहा कि प्रबंधन और ठेकेदारों की लापरवाही के कारण ही आए दिन हादसे हो रहे हैं और मजदूरों को जान से हाथ धोना पड़ रहा है। फैक्ट्री इंस्पेक्टर, श्रमायुक्त, भविष्य निधि आयुक्त और कर्मचारी राज्य बीमा निगम के अधिकारियों के ढीले रवैये और मिलीभगत के कारण प्रशासन अपने दायित्वों का निर्वहन ठीक से नहीं कर रहा, जिससे मजदूर आज भी अपने अधिकारों से वंचित हैं।
सिसोदिया ने श्रमिकों से अपील की है कि कहीं भी शोषण होने पर मजदूर एकजुट हों। यूनियन ने भरोसा दिलाया है कि न्याय और अधिकार दिलाने के लिए वह पूरी शक्ति के साथ श्रमिकों के साथ खड़ी रहेगी।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news