दुर्ग : न्यूज़ 36 : सूखे नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस ने शासकीय जिला अस्पताल के आगे नल घर के पास घेराबंदी कर चिट्टा (हेरोईन) जैसा मादक पदार्थ बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 14.370 ग्राम चिट्टा, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 48 हजार 300 रुपये, और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1 लाख 68 हजार 300 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जिला अस्पताल दुर्ग के आगे नल घर के पास दो व्यक्ति चिट्टा लेकर ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम विकास यादव (27), निवासी सोरीक नगर, सारथी चौक, धमतरी और फयाज खोखर उर्फ सोहेल (26), निवासी लुचकीपारा, वार्ड क्रमांक 7, दुर्ग बताया।
तलाशी के दौरान विकास यादव के कब्जे से 7.370 ग्राम चिट्टा, जिसकी कीमत 78 हजार 300 रुपये, और 10 हजार रुपये कीमत का एक रेडमी मोबाइल फोन बरामद किया गया। वहीं फयाज खोखर उर्फ सोहेल के पास से 7 ग्राम चिट्टा, जिसकी कीमत 70 हजार रुपये, तथा 10 हजार रुपये कीमत का एक ओप्पो मोबाइल फोन जब्त किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 21 (क) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में पुलिस की अग्रिम विवेचना और पूछताछ जारी है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी सार्वजनिक स्थान के पास चिट्टा अपने कब्जे में रखकर संभावित ग्राहकों की तलाश कर रहे थे। मुखबिर सूचना की त्वरित तस्दीक के बाद पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए दोनों को मादक पदार्थ सहित गिरफ्तार किया।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि चिट्टा सहित किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन या अन्य अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने कहा है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
