फैशन शो, चम्मच दौड़ और कुर्सी दौड़ के विजेताओं का हुआ सम्मान,ओम योग नृत्य व सावन थीम ने मोहा मन
दुर्ग : न्यूज़ 36 : नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा आयोजित दो दिवसीय रिमझिम सावन मेला 2026 का भव्य समापन शनिवार को हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, विशिष्ट अतिथि ग्रामीण विधायक ललित चन्द्राकर रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर अलका बाघमार ने की। महापौर ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत करते हुए स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया।
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि रिमझिम सावन मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि दुर्ग की आत्मा, परंपरा और लोकसंस्कृति का जीवंत प्रमाण है। सावन माह में आयोजित यह उत्सव समाज के सभी वर्गों को एक मंच पर जोड़ने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से हमारी समृद्ध लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलती है। उन्होंने सावन माह के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व पर भी प्रकाश डाला।
महिलाओं ने मनमोहक प्रस्तुति देकर नारी जागरूकता का दिया संदेश :
नारी जागरूकता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां,ओम योग नृत्य एवं सावन थीम पर जागृति महिला समिति की महिलाओं ने मनमोहक प्रस्तुति देकर नारी जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में सावन मेला की विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजयी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
महापौर अलका बाघमार द्वारा संस्कृति विभाग प्रभारी हर्षिका संभव जैन, महिला एवं बाल विभाग प्रभारी शशि साहू के साथ प्रतियोगिताओं का किया सम्मान,प्रतियोगिताओं के विजेताओं का हुआ सम्मान फैशन शो में क्षमा देशमुख ने प्रथम और पूजा साहू ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। चमच दौड़ में विद्या नामदेव प्रथम एवं देवकी सिन्हा द्वितीय रहीं। वहीं कुर्सी दौड़ में उमेश्वरी साहू ने प्रथम तथा आशा यादव ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर पुरस्कार जीते।
समापन समारोह में हजारों की संख्या में नागरिक शामिल हुए। मंच पर एक के बाद एक मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लोकनृत्य, भजन, समूह गायन, स्किट और नारीशक्ति पर आधारित प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों पर दर्शक झूमते और तालियां बजाते नजर आए। पूरे परिसर में सावन की उमंग, उल्लास और लोक संस्कृति की छटा देखने को मिली।
इस अवसर पर सभापति श्याम शर्मा, आयुक्त मोहेंद्र साहू, संस्कृति विभाग प्रभारी हर्षिका संभव जैन, महिला एवं बाल विभाग प्रभारी शशि साहू सहित एमआईसी सदस्य, पार्षदगण,अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे।
