आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा नया न्यायिक परिसर
दुर्ग : न्यूज़ 36 : दुर्ग जिले में न्यायिक अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय का नया भवन बनाया जाएगा। इसका भूमिपूजन आज 22 अगस्त को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधिपति रमेश सिन्हा करेंगे।
न्याय विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित भवन को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर आधुनिक और तकनीकी रूप से सक्षम बनाया जाएगा। इसमें न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं, कर्मचारियों के साथ-साथ आम नागरिकों और वादकारियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है।
क्या-क्या होंगी सुविधाएं
नए न्यायालय परिसर में पर्याप्त पार्किंग, बेहतर कार्यस्थल, सुगम आवागमन और आधुनिक तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। परिसर को इस तरह विकसित किया जाएगा कि न्यायिक कार्यों का संचालन अधिक दक्षता, पारदर्शिता और सुगमता से हो सके। इससे आम लोगों को न्यायालयीन सेवाएं बेहतर माहौल में मिल सकेंगी।
अधिकारियों का कहना है कि भवन का निर्माण केवल वर्तमान जरूरतों के लिए नहीं, बल्कि आने वाले वर्षों की बढ़ती मांगों को देखते हुए किया जाएगा। यह दुर्ग जिले की न्यायिक व्यवस्था के लिए स्थायी और सुदृढ़ आधार बनेगा।
ये रहेंगे मौजूद
भूमिपूजन समारोह में उच्च न्यायालय के न्यायाधीशगण, जिला न्यायिक अधिकारी, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, अधिवक्ता और दुर्ग बार एसोसिएशन के पदाधिकारी शामिल होंगे।
मुख्य न्यायाधिपति रमेश सिन्हा के मार्गदर्शन में राज्य में न्यायिक अधोसंरचना को आधुनिक और जनोन्मुख बनाने का कार्य किया जा रहा है। दुर्ग का यह नया न्यायालय भवन उसी कड़ी का हिस्सा है।
