भिलाई : न्यूज़ 36 : सुपेला थाना क्षेत्र में शासकीय अस्पताल के पास मोटरसाइकिल सवार युवक को रोककर धारदार हथियार से हमला करने और मोबाइल व नगदी लूटने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी दिलबाग सिंह (26 वर्ष) को पकड़ा। आरोपी के खिलाफ लूट और आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
रास्ता रोककर किया हमला, मोबाइल और ₹500 लूटे
पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त को प्रार्थी अपनी मोटरसाइकिल से किट्टी बुक डिपो जा रहा था। इसी दौरान शासकीय अस्पताल सुपेला के पास आरोपी दिलबाग सिंह ने अपनी बुलेट मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 DF 7180 प्रार्थी के सामने रोक दी।
आरोप है कि आरोपी ने प्रार्थी से गाली-गलौज करते हुए धारदार हथियार निकाला और उस पर हमला कर दिया। हमले में प्रार्थी के बाएं हाथ की हथेली में चोट आई। इसके बाद आरोपी उसकी जेब में रखा मोबाइल फोन और 500 रुपये नकद लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना की रिपोर्ट पर सुपेला थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 1198/2026 दर्ज कर धारा 296, 115(2), 309 (4) बीएनएस तथा धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध कायम कर जांच शुरु की।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पकड़ा
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान के लिए तकनीकी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चंद्रा-मौया रामनगर जाने वाले मार्ग के पास घेराबंदी की। पुलिस ने सांई प्लास्टिक के पास आरोपी दिलबाग सिंह को गिरफ्तार कर लिया। प्रकरण अजमानतीय होने के कारण आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
सड़क पर बाइक रोककर वारदात को दिया अंजाम
पुलिस के अनुसार आरोपी ने सड़क पर प्रार्थी की मोटरसाइकिल के सागने अपनी बाइक रोककर उसका रास्ता अवरुद्ध किया। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए धारदार हथियार से हमला किया और प्रार्थी के पास मौजूद मोवाइल फोन एवं नकदी लूटकर फरार हो गया।
घटना स्थल : शासकीय अस्पताल सुपेला के पास, थाना सुपेला क्षेत्र, जिला दुर्ग।
गिरपत्तार आरोपी : दिलबाग सिंह, उम्र 26 वर्ष, निवासी चांदना टिम्बर, वार्ड क्रमांक 17, पांच रास्ता, सुमेला, जिला दुर्ग।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना सुपेला प्रभारी एम.एन. सिंह, सउनि अजय शंकर अविनासी, गंगाराम रावत, आरक्षक दुर्गेश सिंह राजपूत एवं प्रदीप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रहीं।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि लूट, मारपीट अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। विवाद की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय पुलिस को सूचित करें। कानून-व्यवस्था प्रभावित करने और अपराध में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
