भिलाई : न्यूज़ 36 : दुर्ग जिले के उतई थाना पुलिस ने अवैध मवेशी परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम पुरई में भैंसों से भरे पिकअप वाहन को पकड़ा है। पुलिस ने मौके से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अपचारी बालकों को विधि अनुसार अभिरक्षा में लिया गया है। कार्रवाई के दौरान तीन भैंसों के साथ परिवहन में इस्तेमाल मैक्सिमा पिकअप, स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक, उतई पुलिस को सूचना मिली थी कि मवेशियों का अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम पुरई स्थित नर्सरी के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच की। इस दौरान मैक्सिमा पिकअप क्रमांक CG 04 PF 6904 में तीन भैंसें मिलीं। मवेशियों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज या अनुमति मांगे जाने पर मौके पर मौजूद लोग कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
मौके पर स्कॉर्पियो क्रमांक CG 04 HD 1564 और मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 LB 1123 भी मिली।
पुलिस ने सभी वाहनों को जब्त कर लिया। बरामद मवेशियों का पशु चिकित्सा अधिकारी से परीक्षण कराया गया, जिसके बाद उन्हें नियमानुसार सुरक्षित स्थान पर भेजने की कार्रवाई की गई।
पुलिस ने मामले में कमल गिरी गोस्वामी (23), जीमू गोस्वामी उर्फ संजू गोस्वामी (26), कमलेश गिरी गोस्वामी (35), करन गिरी गोस्वामी (19), टोमन यादव (26) और जागेश्वर सिंह (36) को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा दो अपचारी बालकों को भी विधि अनुसार अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार मामले में मवेशियों को कहां से लाया गया था और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था, इसकी जांच की जा रही है। इस गतिविधि में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगाया जा रहा है तथा फरार व्यक्ति की तलाश जारी है।
प्रकरण में अपराध क्रमांक 428/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मवेशियों के अवैध परिवहन या तस्करी से संबंधित किसी भी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को दें। पुलिस ने कहा है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान नियमानुसार गोपनीय रखी जाएगी।
