पुलिस ने गिरफ्तार कर की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
भिलाई : न्यूज़ 36 : जयंती स्टेडियम, सिविक सेंटर भिलाई में आयोजित शिवमहापुराण कथा के दौरान पुलिस ने संदिग्ध रुप से घूम रहे महिलाओं के एक समूह को चिन्हित कर पूछताछ की। संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने पर सुरक्षा और शांति व्यवस्था के मद्देनजर 7 महिलाओं को थाना भिलाई नगर लाया गया। पुलिस ने सभी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
जयंती स्टेडियम में 17 से 23 अगस्त तक शिवमहापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए दुर्ग पुलिस द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस टीम लगातार कथा स्थल और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी कर रही है।
पुलिस के अनुसार 17 अगस्त को कथा पंडाल में महिलाओं का एक समूह संदिग्ध रुप से घूमता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने समूह को चिन्हित कर
पूछताछ की। पूछताछ के दौरान संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने पर सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत सातों महिलाओं को थाना लाया गया और उनकी पहचान संबंधी प्रक्रिया पूरी की गई।
इन 7 महिलाओं पर हुई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
पुलिस के अनुसार कार्रवाई रीना (35), अनीता देवी (22), सोनाली उर्फ शीला (45), जाह्नवी देवी (22) और गीता देवी (37) के खिलाफ की गई, जो ग्राम खड्डा, थाना सिवान, जिला रीवा, मध्य प्रदेश की निवासी बताई गई हैं।
इसके अलावा संगीता (25) और नैना (20), निवासी ग्राम समकलपुर, थाना पिपराइच, जिला गोरखपुर, उत्तर प्रदेश के विरुद्ध भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में किसी अपराध के घटित होने की पुष्टि नहीं हुई है और किसी महिला को अपराध के आरोपी के रूप में दर्ज नहीं
किया गया है। कार्रवाई केवल कथा स्थल पर सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम के उद्देश्य से की गई है। किसी प्रकार की सामग्री भी जब्त नहीं की गई।
श्रद्धालुओं से पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने कथा में आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अनावश्यक रुप से महंगे आभूषण पहनकर न आएं और मोबाइल, नगदी सहित अन्य कीमती सामान को सुरक्षित रखें। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने सामान तथा साथ आए बच्चों पर विशेष ध्यान दें।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। धार्मिक आयोजन के दौरान सुरक्षा, शांति और सुव्यवस्थित वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी लगातार जारी रहेगी।
