भिलाई : न्यूज़ 36 : सिटी कोतवाली पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली टेबलेट की अवैध बिक्री करने की तैयारी कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 300 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, दो धारदार हथियार और दो मोबाइल फोन समेत कुल 1.36 लाख रुपए की सामग्री जब्त की है। पुलिस के अनुसार 23 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गंजपारा स्थित प्रियंका बोरवेल्स के पीछे मैदान में दो युवक प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में 1.36 लाख रुपए की नशीली टेबलेट, मोबाइल और हथियार जब्त आरोपियों ने अपनी पहचान दिपेश उर्फ आयुषदीप (21 वर्ष), निवासी उत्कल कॉलोनी गंजपारा और कृष्णा कुमार सेन (19 वर्ष), निवासी डिपरापारा दुर्ग के रूप में बताई। तलाशी के दौरान दिपेश के पास से 150 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, एक धारदार हथियार और ओप्पो मोबाइल फोन बरामद हुआ। वहीं कृष्णा कुमार सेन के कब्जे से 150 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, एक धारदार हथियार और आईफोन एसई 2020 मोबाइल बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में धारा 21 (ख) एनडीपीएस अधिनियम तथा 25 आयुध अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
