भिलाई : न्यूज़ 36 : खुर्सीपार पुलिस ने पिस्टल दिखाकर लोगों में दहशत फैलाने वाले युवक को गिरफ्तार किया। जब आरोपी के गन की जांच की गई तो वह नकली निकली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 6 / 28 के तहत केस दर्ज कर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक मंगलवार दोपहर पेट्रोलिंग के दौरान खुर्सीपार चौक के पास मुखबीर से सूचना मिली कि जोन-3 के जीरो स्ट्रीट गार्डन के पास एक युवक पिस्टल लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही पेट्रोलिंग टीम जब गार्डन के पास पहुंची तो सड़क पर एक युवक खड़ा मिला।
पुलिस को देखते ही वह घबरा गया और जेब में कुछ छिपाने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। पूछताछ में उसने अपना नाम टी. मधुसूदन (30) निवासी एकता नगर, चांदनी चौक, जोन-3 खुर्सीपार बताया। तलाशी के दौरान युवक की जेब से स्टील की एक पिस्टल बरामद हुई, जिस पर रेंजर टॉय गन लिखा था। साथ ही एक छोटे डिब्बे में 7 नग प्लास्टिक की गोलियां भी मिलीं, जिनमें बारूद भरा होना बताया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह पिस्टल ऑनलाइन मंगाई थी। इसका उपयोग लोगों को डराने के लिए करता था। इसके अलावा उसने सोशल मीडिया पर भी बंदूक के साथ स्टेटस पोस्ट किया था।
