बीएसपी, निगम व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने किया सर्वे, पानी का सैंपल लिया, स्ट्रीट 37 से 40 तक गंदे पानी आने की शिकायत
भिलाई : न्यूज़ 36 : बीएसपी टाउनशिप के सेक्टर-7 क्षेत्र में पीलिया की शिकायत सामने आई है। प्रभावितों में से चार लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लोगों की मानें तो सप्ताहभर में 20 से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने सर्वे में चार लोगों को प्रभावित बताया है। इनमें बच्चे भी शामिल हैं। सभी की स्थिति खतरे से बाहर है। पाइप लाइन से प्रदूषित पानी आपूर्ति की शिकायत रहवासियों ने की है। मामला सामने आने के बाद बीएसपी प्रबंधन द्वारा 10 घरों से पानी का सैंपल जांच के लिए भेजा है। वहीं सड़क क्रमांक 37 से 40 तक पाइपलाइन बदले जाने की तैयारी है।

टाउनशिप क्षेत्र में बीएसपी नगर सेवाएं विभाग के द्वारा आवासों में पेयजल की आपूर्ति की जाती है। सेक्टर-7 पश्चिम सड़क 37 ए निवासी विजय प्रसाद ने बताया कि कुछ दिनों से नल से गंदा पानी आ रहा है। उन्होंने बताया कि उनका 19 वर्षीय बेटा भी बीमार है, गंभीर होने पर कुछ दिन आइसीयू में रखा गया था। स्ट्रीट में रहने वाले अन्य लोगों ने भी बताया कि कई घरों में एक से अधिक सदस्यों को पीलिया की शिकायत हुई।
स्वास्थ्य विभाग ने की जांच
जिला सर्वेलेंस अधिकारी डा. सीबीएस बंजारे ने बताया कि सेक्टर-7 पश्चिम सड़क 37 ए मे पीलिया के मरीजों की जानकारी मिलने पर टीम स्वास्थ्य विभाग एवं नगर गई थी। प्रभावित क्षेत्र का निगम की संयुक्त टीम द्वारा 95 घरों में जांच की। पीलिया से ग्रसित चार मरीज मिले।
