भिलाई : न्यूज़ 36 : जुआ और सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुरानी भिलाई क्षेत्र में मोबाइल के माध्यम से सट्टा संचालित करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। मौके से एक अन्य व्यक्ति को भी सट्टा खेलते रंगे हाथ पकड़ा गया।
अत्तिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद ने बताया कि 4 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पुरानी भिलाई स्टेडियम के अंदर सीढ़ियों के पास एक व्यक्ति मोबाइल के जरिए सट्टा अकों पर पैसों का लेनदेन कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान आरोपी को मोबाइल के माध्यम से सट्टा चलाते पकड़ा गया। जांच में उसके मोबाइल में सट्टा संबंधी लेनदेन के साक्ष्य मिले। पुलिस ने उसके कब्जे से 12,000 रुपये नगद और एक ड्यूल सिम मोबाइल फोन जब्त किया। वहीं मौके पर मौजूद एक अन्य व्यक्ति को सट्टा खेलते हुए गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्त्तार आरोपियों की पहचान गुलाब चंद (37 वर्ष), निवासी नेहरू नगर भिलाई-03 एवं दिनेश कुमार सिन्हा (50 वर्ष), निवासी वर्मा चौक पदुमनगर भिलाई-03 के रूप में हुई है।
मामले में थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 182/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 07 के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अंबर सिंह भारद्वाज सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि जुआ और सट्टा जैसे अवैध कार्यों से दूर रहें तथा ऐसी गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
