भिलाई : न्यूज़ 36 : नशा मुक्ति अभियान के तहत थाना भिलाई नगर पुलिस अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध सतत कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने शनिवार को रूआबांधा भिलाई क्षेत्र में दो आरोपियों से हाइड्रोपोनिक गांजा की जब्ती बनाई। पुलिस का यह भी दावा है कि प्रदेश में पहली बार हाइड्रोपोनिक गांजा की जब्ती बनाई गई है। पुलिस को शनिवार को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि बोरसी रोड स्थित बीज विकास निगम के पास, रूआबांधा भिलाई क्षेत्र में कुछ व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ गांजा रखकर बिक्री कर रहे हैं तथा नशा सेवन के लिए सामग्रीं भी उपलब्ध करा रहे हैं। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्तियों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से सामान्य गांजा के साथ-साथ हाइड्रोपोनिक विधि से उगाया गया उच्च गुणवत्ता का गांजा बरामद किया गया, जो सामान्य गांजा की तुलना में अधिक प्रभावी एवं महंगा होता है और विशेष रूप से नशे के लिए उपयोग में लाया जाता है। पुलिस ने इस मामले मे विक्रम साहू (29) निवासी मोंगरा 101 फेस बी तालपुरी भिलाई और यश विश्वकर्मा (27) निवासी एमआइजी हुडको भिलाई के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। प्रकरण में. मादक पदार्थ के स्रोत एवं अन्य संलिप्त -व्यक्तियों की पतासाजी की जा रही है। पुलिस ने आरोपितों से लगभग दो किग्रा गांजा, रोलिंग पेपर, एक मोबाइल फोन व 40 हजार की जब्ती बनाई है।
