भिलाई : न्यूज 36 :संपत्तिकर की बकाया राशि वसूलने के लिए – भिलाई निगम प्रशासन ने नकेल कसना शुरू कर दिया है। निगम द्वारा गठित विशेष कुर्की टीम शहर के विभिन्न वार्डों में बकायादारों के घरों में पहुंच रही है। अभियान के पहले दिन टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए 60 हजार रुपये की वसूली कर निगम कोष में जमा कराए हैं।

निगम प्रशासन ने बड़े बकायादारों की सूची तैयार कर ली है। आयुक्त राजीव कुमारं पांडेय ने स्पष्ट किया है कि राजस्व वसूली में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाएगी और यह अभियान सभी वार्डों में निरंतर जारी रहेगा। कुर्की की कार्रवाई से एक दिन पूर्व संबंधित बकायादार से संपर्क कर उन्हें सूचित किया जा रहा है। यदि मौके पर ही बकाया राशि का भुगतान नहीं किया जाता है, तो संपत्ति की कुर्की कर राशि वसूलने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
यदि किसी भवन या भूमि की कुर्की होती है, तो इसकी समस्त जिम्मेदारी स्वयं भवन-भूमि स्वामी की होगी। निगम का कहना है कि असुविधा और कुर्की जैसी अप्रिय कार्रवाई से बचने के लिए नागरिक जल्द से जल्द अपने बकाया कर की राशि निगम के नागरिक सुविधा केंद्रों या आनलाइन माध्यम से जमा कराएं। आज कार्रवाई के दौरान सहायक राजस्व अधिकारी शरद दुबे, बसंत देवांगन, बालकृष्ण नायडू, सुनील जोशी, प्रसून तिवारी एवं राजस्व के टीम मौजूद रहे।
