एक वाहन का टूटा शीशा
भिलाई : न्यूज़ 36 : आचार्य पंडित धीरेंद्र शास्त्री महाराज (बाबा बागेश्वर धाम) के काफिले में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नेहरू नगर ओवरब्रिज रोड स्थित स्टील क्लब के पास काफिले में शामिल दो वाहन आपस में भिड़ गए। यह घटना उस समय हुई जब आचार्य धीरेंद्र शास्त्री होटल से दिव्य श्री हनुमंत कथा स्थल जयंती स्टेडियम जा रहे थे।

इस दुर्घटना में काफिले की एक इनोवा गाड़ी का शीशा टूट गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और आचार्य धीरेंद्र शास्त्री पूरी तरह सुरक्षित रहे। घटना के बाद कुछ देर के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिसे सुरक्षा कर्मियों और पुलिस ने तत्काल संभाल लिया।
हादसे के कारण का उल्लेख स्वयं आचार्य धीरेंद्र शास्त्री ने कथा स्थल पर किया। उन्होंने बताया कि रास्ते में अचानक एक श्रद्धालु उनके वाहन के सामने आ गया और अर्जी लगाने लगा। श्रद्धालु की मंशा थी कि उसका विवाह शीघ्र संपन्न हो जाए। अचानक व्यक्ति के सामने आ जाने से सुरक्षा की दृष्टि से बाबा को अपना वाहन रुकवाना पड़ा। वाहन के अचानक रुकने के कारण पीछे चल रहे काफिले के दो वाहन आपस में टकरा गए।

घटना के बावजूद कार्यक्रम पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा और आचार्य धीरेंद्र शास्त्री तय समय पर जयंती स्टेडियम पहुंचे, जहां दिव्य श्री हनुमंत कथा का आयोजन विधिवत रुप से संपन्न हुआ।बाबा बागेश्वर के द्वारा इस पूरी घटना का कथा स्थल पर उल्लेख करते हुए श्रद्धालुओं से अपील भी की गई कि अर्जी लगाने के लिए परिवहन के दौरान बाधा उत्पन्न नहीं करनी चाहिए। इसके कारण बड़ी दुर्घटना उन्हीं की संभावना रहती है जिसके कारण किसी को भी नुकसान हो सकता है।
