ग्राम गोढी में सास की हत्या की आरोपित महिला पुलिस की गिरफ्त में
भिलाई : न्यूज 36: नंदिनी’ दुर्ग जिले के ग्राम गोढी में एक बहू ने मामूली घरेलू विवाद के चलते अपनी दादी सास की हत्या कर दी। घटना गुरुवार को दोपहर करीब साढ़े 11 बजे के आसपास की है, जब घर में केवल मृतिका और उसकी पोता वधू मौजूद थीं। पुलिस ने मिले साक्ष्य के आधार पर आरोपित महिला को गिरफ्तार कर रिमांड पर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी सुरेन्द्र वर्मा ने नंदिनी नगर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी 70 वर्षीय मां उर्मिला वर्मा की घर में हत्या कर दी गई है। सुरेन्द्र जब अपने काम पर था, तब उसे पड़ोसियों से फोन पर सूचना मिली कि उसके घर में कुछ अनहोनी हुई है। घर लौटकर उसने देखा कि उसकी मां बेडरूम में खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ी थी और उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। पुलिस ने तत्काल मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की। पूछताछ में संदेही बहू रोशनी वर्मा ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि खाना बनाने को लेकर उसका और मृतिका का विवाद हो गया था।
मृतिका द्वारा ताने मारने और उसके हाथ का खाना न खाने की बात पर आरोपित ने आपा खो दिया और घर में रखे लोहे के हथौड़े से उर्मिला वर्मा के सिर पर वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित बहू को हिरासत में लेकर घटना में प्रयुक्त हथौड़ा भी बरामद कर लिया गया है। थाना प्रभारी नंदिनी नगर ने बताया कि आरोपित महिला के खिलाफ मामला दर्ज न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है
