भिलाई : न्यूज़ 36 : हाईटेक सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल भिलाई के विरुद्ध कार्रवाई के लिए मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी दुर्ग ने संचालक स्वास्थ्य सेवाएं को पत्र प्रेषित किया है। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के जिला नोडल अधिकारी द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के आधार पर उक्त कार्रवाई की जा रही है। जिला नोडल अधिकारी डॉ. अनिल शुक्ला ने बताया कि आयुष्मान प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत शिकायतकर्ता रवि कुमार सोनकर ने मां पूनम को उपचार के लिए हाईटेक सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल भिलाई में भर्ती कराया था। पूनम का उपचार आयुष्मान कार्ड से किया जाना था। लेकिन चिकित्सालय द्वारा उपचार के दौरान आयुष्मान कार्ड से उपचार के अतिरिक्त नगद राशि ली गई। शिकायतकर्ता द्वारा सबूत के रूप में वीडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराया गया था। डॉक्टर शुक्ला ने बताया कि शिकायत पर जांच करते हुए उक्त चिकित्सालय को स्पष्टीकरण प्रस्तुत किए जाने के लिए निर्देशित किया गया था। प्रस्तुत स्पष्टीकरण में चिकित्सालय द्वारा नगद राशि लेने की पुष्टि की गई है। जिला नोडल अधिकारी ने बताया कि प्रस्तुत स्पष्टीकरण से यह स्पष्ट होता है, कि चिकित्सालय द्वारा योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही बरती गई है। व मरीज से नगद राशि जमा कराई गई है। अतः योजना के दिशा निर्देशों के अनुरूप कार्य नहीं करने वह हितग्राही के इलाज में आयुष्मान कार्ड नगद राशि जाने के संबंध में हाईटेक सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल भिलाई के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी ने संचालक स्वास्थ्य सेवाएं सह मुख्य कार्यपालन अधिकारी राज्य नोडल एजेंसी को पत्र भेजा है।
