ह्युंडई लैब ग्रेजुएशन समारोह का सफल आयोजन, 17 विद्यार्थियों का हुआ चयन
दुर्ग : न्यूज़ 36 : उदय प्रसाद उदय शासकीय पॉलिटेक्निक, दुर्ग में ह्युंडई लैब ग्रेजुएशन समारोह का सफल आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. अरुण अरोरा, कुलपति, छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई थे। अध्यक्षता प्राचार्य प्रकाश कुमार पाण्डेय ने की।इस अवसर पर यह उल्लेखनीय है कि सितंबर 2025 में ह्युंडई मोटर इंडिया फाउंडेशन के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित किया गया था, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को उन्नत तकनीकी प्रशिक्षण, उद्योग आधारित कौशल एवं बेहतर रोजगार अवसर प्रदान करना है । प्राचार्य पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम एवं उद्योग-शैक्षणिक सहयोग विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान एवं करियर विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित जमालुद्दीन, हेड (वेस्ट जोन), सर्विस एवं ट्रेनिंग, ह्युंडई ने विद्यार्थियों को ऑटोमोबाइल सेक्टर में उपलब्ध अवसरों एवं आवश्यक कौशल के बारे में मार्गदर्शन दिया। इसके साथ ही पंकज साती, डिप्टी मैनेजर, टीएसएल फाउंडेशन (ह्युंडई सीएसआर प्रोजेक्ट इम्प्लीमेंटर) की भी उपस्थिति रही, जिन्होंने इस पहल के उद्देश्यों एवं प्रभाव पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर आयोजित प्लेसमेंट प्रक्रिया में कुल 37 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 17 विद्यार्थियों का चयन ह्युंडई की विभिन्न लैब्स में हुआ, जो संस्थान के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। कार्यक्रम के संचालन में ह्युंडई लैब प्रभारी विवेक अग्रवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने पूरे आयोजन एवं समन्वय को सुचारु रूप से संपन्न कराया। अंत में चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी गई तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
