दुर्ग : न्यूज़ 36 : आगामी जातिगत जनगणना में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए पृथक एवं स्पष्ट कॉलम शामिल करने की मांग को लेकर कांग्रेस के पिछड़ा वर्ग विभाग ने गुरुवार को राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
जिला कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग विभाग के अध्यक्ष शिशिर कांत कसार के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपते हुए ओबीसी की वास्तविक जनसंख्या का वैज्ञानिक, निष्पक्ष एवं पारदर्शी आंकड़ा जुटाने और उसे सार्वजनिक करने की मांग की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि सही आंकड़े उपलब्ध होने से सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति का बेहतर आकलन कर नीतियों और कल्याणकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकेगा। उन्होंने ओबीसी की जनसंख्या से जुड़े आंकड़ों में पारदर्शिता और स्पष्टता की आवश्यकता बताई।
वहीं पिछड़ा वर्ग विभाग अध्यक्ष शिशिर कांत कसार ने कहा कि ओबीसी की वास्तविक संख्या सामने आना सामाजिक न्याय की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। उन्होंने आगामी जनगणना में ओबीसी के लिए अलग एवं स्पष्ट कॉलम रखने की मांग दोहराई।
ज्ञापन में ओबीसी की जनसंख्या का वैज्ञानिक एवं निष्पक्ष आंकड़ा संकलित करने, आंकड़ों को सार्वजनिक करने तथा प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सामाजिक न्याय, प्रतिनिधित्व और कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की मांग की गई।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने Census 2027 में जातियों की गणना शामिल करने का निर्णय लिया है। सरकार के अनुसार जाति संबंधी प्रश्न जनगणना के दूसरे चरण में शामिल किए जाएंगे, जबकि संबंधित प्रश्नावली को अंतिम रूप देने और अधिसूचित करने की प्रक्रिया अलग से होनी है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेश यादव, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आनंद कपूर ताम्रकार, अल्ताफ अहमद, पूर्व पार्षद बिजेंद्र भारद्वाज, राजकुमार साहू, मुकेश साहू, सुनीत घोष, केशव सिन्हा, चिराग शर्मा, आयुष शर्मा, अशोक मेहरा, हिमांशु शर्मा सहित कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
