पुरानी भिलाई पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा, 13 इंच का धारदार हथियार जब्त, आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई के बाद भेजा जेल
भिलाई : न्यूज़ 36 : अकलोरडीह क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले 23 वर्षीय युवक को पुरानी भिलाई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 13 इंच लंबा धारदार हथियार बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 18 सितंबर 2026 को जुर्म जरायम पतासाजी एवं अभियान कार्रवाई के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अकलोरडीह में निरोस कंपनी के सामने नर्सरी के पास एक युवक धारदार हथियार लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है।
सूचना मिलते ही पुरानी भिलाई पुलिस की टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही युवक हथियार फेंककर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान बिट्टू पटेल उर्फ कचरू (23 वर्ष), निवासी खदान पारा, अकलोरडीह के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के पास से बरामद धारदार हथियार को जब्त किया। जब्त हथियार की फल की लंबाई करीब 8 इंच, चौड़ाई लगभग 1.5 इंच, जबकि मुठ की लंबाई 5 इंच और कुल लंबाई करीब 13 इंच बताई गई है। हथियार रखने के संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
मामले में अपराध क्रमांक 225/2026 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट में कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी व्यक्ति को धारदार हथियार लेकर घूमते, लहराते या लोगों को डराते-धमकाते देखने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने लोगों से कानून हाथ में लेने के बजाय पुलिस को सूचना देकर सहयोग करने की अपील की है।
