भिलाई : न्यूज़ 36 : सेक्टर-6 स्थित HSCL कॉलोनी में लंबे समय से व्याप्त मूलभूत समस्याओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी क्रमांक-4 के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रबंधन से मुलाकात कर जल्द समाधान की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कॉलोनीवासियों की गंभीर समस्याओं से अवगत कराते हुए स्पष्ट किया कि यदि शीघ्र निराकरण नहीं किया गया, तो रहवासी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सौरभ दत्ता ने बताया कि कॉलोनी में पिछले काफी समय से पेयजल की समस्या, सीवरेज लाइन जाम होने और क्वार्टरों के पीछे की लाइनों की नियमित सफाई नहीं होने से नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी से लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। वहीं पार्षद एवं एमआईसी सदस्य साकेत चंद्राकर ने जानकारी दी कि सेक्टर-6 HSCL कॉलोनी में लगभग 2000 लोग निवास करते हैं, जो लंबे समय से गंदे पानी और सीवरेज की समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि हाल ही में कॉलोनी के तीन लोगों को पीलिया (जॉन्डिस) जैसी बीमारी हो चुकी है, जो स्थिति की गंभीरता को दर्शाता है। ऐसे में तत्काल प्रभाव से सुधारात्मक कदम उठाना बेहद आवश्यक है।प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में प्रबंधन के मानव संसाधन प्रमुख नवीन दीवान एवं टाउन हेड अजय तिवारी से चर्चा कर समस्याओं के समाधान हेतु ठोस कार्रवाई की मांग की। चर्चा को सकारात्मक बताते हुए नेताओं ने उम्मीद जताई कि प्रबंधन शीघ्र ही आवश्यक कदम उठाएगा।
इस दौरान यह भी बताया गया कि नगर निगम भिलाई द्वारा कॉलोनी क्षेत्र में सड़क, नाली, मंच, गार्डन एवं वाटर एटीएम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा चुकी हैं, लेकिन अन्य मूलभूत व्यवस्थाएं प्रबंधन की जिम्मेदारी हैं, जिनका निर्वहन अभी तक संतोषजनक रूप से नहीं हो पाया है।गौरतलब है कि इन समस्याओं को लेकर पूर्व में भी एक्स-एम्प्लॉई वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा मांग उठाई जा चुकी है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल सका है।प्रतिनिधिमंडल में मंडल अध्यक्ष राहुल शर्मा, अजय यादव, अफरोज खान, बी.एम. सिंह, ए.जे. कुरैशी, सत्यनारायण गुप्ता, डी.पी. सिंह, सतीश सोनकर, आकाश हांडे, अनिल तिवारी, रंजीत पासवान, गजेंद्र वर्मा, धर्मेंद्र सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी उपस्थित रहे।
