Monday, August 3, 2026

इंस्टाग्राम पर अश्लील पोस्ट कर युवती को प्रताड़ित करने वाला गिरफ्तार

भिलाई : न्यूज़ 36 : थाना नेवई पुलिस ने युवती का पीछा कर छेड़छाड़ करने और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से अश्लील, अभद्र और आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने वाले फरार आरोपी को हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

नेवई थाना प्रभारी अनिल साहू ने बताया कि पीड़िता की लिखित शिकायत पर आरोपी के खिलाफधारा 296.351(3), 79, 74 एवं 78 (2) बीएनएस के साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर बीएनएस की अतिरिक्त धाराएं 74 और 78(2) भी प्रकरण में जोड़ी गईं।

कॉलेज आते-जाते समय करता था पीछा

पुलिस ने बताया कि शिकायत के मुताबिक आरोपी सूरज सिंह (36) करीब तीन वर्ष पहले नेवई भाठा क्षेत्र में किराए के मकान में रहता था। पीड़िता के कॉलेज आते-जाते वह उसका पीछा करता और उसके साथ छेड़‌छाड़ करता था। आरोपी इंस्टाग्राम के जरिए पीड़िता के भाई को भी अश्लील और अभद्र संदेश भेजता था। उसने पीड़िता और उसके परिवार की निजी तस्वीरों का बिना अनुमति उपयोग कर उन पर अश्लील, आपत्तिजनक एवं मानहानिकारक टिप्पणियां भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कीं। इससे पीड़िता लगातार मानसिक प्रताड़ना का शिकार हो रही थी।

आरोपी को भेजा जेल

पुलिस ने बताया कि पीड़िता द्वारा उपलब्ध कराए गए इंस्टाग्राम स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का परीक्षण कर उन्हें जब्त किया गया। तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की लोकेशन बल्लभगढ़, फरीदाबाद (हरियाणा) में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। 31 जुलाई को आरोपी को फरीदाबाद के न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया गया। निर्धारित अवधि के भीतर उसे दुर्ग लाया गया और रविवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news