Thursday, October 1, 2026

हेमचंद यादव विश्वविद्यालय में नामांकन आवेदन की तिथि बढ़ी, 17 अक्टूबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन

दुर्ग : न्यूज़ 36 : हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक, स्नातकोत्तर एवं विभिन्न सेमेस्टर पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन नामांकन आवेदन की तिथि बढ़ा दी है। विश्वविद्यालय द्वारा 1 अक्टूबर 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार प्रथम, तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर के साथ बीएड., बीएससी बीएड और बीए बीएड पाठ्यक्रमों में प्रवेशित विद्यार्थी अब 17 अक्टूबर 2026 तक नामांकन शुल्क सहित ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

नामांकन के लिए विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। नामांकन शुल्क 150 रुपये निर्धारित है, जिसका भुगतान एटीएम कार्ड, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, इंटरनेट बैंकिंग अथवा यूपीआई के माध्यम से किया जा सकेगा। विद्यार्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट के Form 2026-27 विकल्प के अंतर्गत Quick Links में Online Enrollment के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा https://durg.ucanapply.com के माध्यम से भी ऑनलाइन नामांकन आवेदन किया जा सकता है।

ऑनलाइन आवेदन की हार्डकॉपी आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित महाविद्यालय में जमा करने की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। वहीं, महाविद्यालयों को सभी विद्यार्थियों के नामांकन आवेदन आवश्यक दस्तावेजों सहित विश्वविद्यालय में जमा करने की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर 2026 दी गई है।

विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थी नामांकन आवेदन भरते समय पूर्व में प्राप्त User ID और Password का उपयोग करेंगे। नए पंजीयन की आवश्यकता नहीं होगी। ऑनलाइन नामांकन से पहले सभी विद्यार्थियों के लिए ABC ID यानी Academic Bank of Credits में पंजीयन अनिवार्य किया गया है।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रावधानों के अनुरूप स्नातक स्तर पर नियमित एवं स्वाध्यायी विद्यार्थियों को विषय और सेमेस्टर में प्रवेश के लिए निर्धारित पात्रता पूरी करना अनिवार्य होगा। ऐसे विद्यार्थी जिन्होंने पहले स्वाध्यायी विद्यार्थी के रूप में प्रवेश लिया था और बाद में नियमित प्रवेश लिया है, उन्हें नियमानुसार ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन विद्यार्थियों का पहले से हेमचंद यादव विश्वविद्यालय में नियमित विद्यार्थी के रूप में नामांकन हो चुका है, उन्हें दोबारा ऑनलाइन नामांकन आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है। विद्यार्थियों की जिम्मेदारी होगी कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन की हार्डकॉपी आवश्यक दस्तावेजों सहित संबंधित महाविद्यालय में जमा करें।

महाविद्यालयों को निर्देश दिया गया है कि वे सभी पात्र विद्यार्थियों के आवेदन निर्धारित समय-सीमा में सत्यापित करें तथा आवश्यक दस्तावेज संलग्न कर विश्वविद्यालय की नामांकन शाखा को अग्रेषित करना सुनिश्चित करें।

 

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news