भिलाई : न्यूज़ 36 : स्मृति नगर चौकी अंतर्गत शहर के निजी अस्पताल में एक मरीज की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों की लापरवाही के कारण मरीज की जान गई। मौत की खबर मिलते ही गुस्साए रिश्तेदारों ने महिला स्टॉफ के साथ मारपीट की। जानकारी के मुताबिक, अस्पताल में वार्ड 15 स्कूल पारा, बालोद निवासी सीमा करनपाल को भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान रविवार सुबह करीब साढ़े 4 बजे उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। बीच-बचाव करने आए नर्सिंग स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों के साथ भी परिजनों ने अभद्रता की। एक महिला कर्मचारी से जमकर मारपीट भी की। हंगामे के कारण अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सूचना मिलते ही पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। महिला स्टॉफ ने मारपीट करने वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
