भिलाई : न्यूज़ 36 : उतई पुलिस क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चलाने के कारण हुए सड़क हादसे में 10वीं के छात्र की मौत हो गई। पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरु कर दी है।
उतई पुलिस के अनुसार जय स्तंभ चौक के पास रिसाली बस्ती निवासी अशोक कुमार चतुर्वेदी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनका पुत्र अमरजीत चतुर्वेदी मॉडल पब्लिक स्कूल रिसाली में कक्षा 10वीं का छात्र था। वह ऑक्टोपैड बजाने का काम भी करता था।
17 अप्रैल 2026 को अमरजीत एक शादी कार्यक्रम में विक्की कुरें के साथ नेवई भाठा गया था। कार्यक्रम के दौरान जरूरी काम आने पर वह अपने दोस्त महेश कौशिक के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक CG08BE6429 से रिसाली बस्ती लौट रहा था। अमरजीत बाइक के पीछे बैठा हुआ था।
शाम करीब 4.15 बजे जलाराम चौक के आगे बाइक चालक महेश कौशिक ने वाहन को तेज गति और लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए नियंत्रण खो दिया, जिससे मोटरसाइकिल सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी।
हादसे में अमरजीत के सीने में अंदरूनी चोट, गर्दन, चेहरे और ठोड़ी में गंभीर चोटें आईं। राहगीरों की सूचना पर 108 एम्बुलेंस से उसे सरकारी अस्पताल उतई ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे जिला अस्पताल दुर्ग लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने शाम करीब 7.30 बजे उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मृतक की मां चंद्रकली चतुर्वेदी ने मोबाइल फोन के माध्यम से परिजनों को दी थी। सामाजिक कार्यक्रम संपत्र होने के बाद मृतक के पिता ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
प्रार्थी की शिकायत पर उतई पुलिस ने अपराध क्रमांक 0240/26 दर्ज कर आरोपी महेश कौशिक के खिलाफ धारा 184 एलकेएस और धारा 106 (1) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरु कर दी है।
