पुलगांव पुलिस ने रेस्क्यू कर बचाई चालकों की जान
दुर्ग : न्यूज़ 36 : दुर्ग जिले के थाना पुलगांव पुलिस ने देर रात सड़क दुर्घटना में फंसे दो हाईवा चालकों का सफल रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना भारती कॉलेज के पास हुई, जहां दो हाईवा वाहन आमने-सामने टकरा गए थे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि 13 मई 2026 की रात करीब 12 बजे सूचना मिली कि थाना पुलगांव क्षेत्र में भारती कॉलेज के पास दो हाईवा वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गए हैं और दोनों चालक वाहन के केबिन में फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर हाईवा वाहन क्रमांक CG 07 BG 6486 और CG 06 HF 6625 बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में मिले। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के चालक केबिन के अंदर गंभीर रुप से फंस गए थे।
पुलिस टीम ने तत्काल जेसीबी मशीन बुलाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने का काम शुरु किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों चालकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों की पहचान विजय कुमार यादव (23 वर्ष) निवासी गोटाटोला बांधाबाजार, मोहला मानपुर तथा वीरेंद्र (34 वर्ष) निवासी झारखंड के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों की हालत गंभीर थी, लेकिन समय रहते रेस्क्यू और इलाज मिलने से उनकी जान बचाई जा सकी।
प्राथमिक जांच में दुर्घटना का कारण दोनों हाईवा वाहनों की आमने-सामने की टक्कर बताया जा रहा है।
रेस्क्यू अभियान में थाना प्रभारी गुरविंदर सिंह संधू, प्रधान आरक्षक मानसिंह गायकवाड़, आरक्षक हेमेंद्र कुर्रे, मनोज यादव एवं शुभ चरण यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि रात के समय वाहन नियंत्रित गति से चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
