Thursday, August 27, 2026

नशे में स्कूल बस चलाते मिले 2 चालक, दोनों बसें जब्त, स्कूल प्रबंधन को नोटिस

हेरिटेज और RISE N SHINE स्कूल के बस चालकों पर धारा 185 MV Act के तहत कार्रवाई

भिलाई : न्यूज़ 36 : स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए दुर्ग यातायात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे प्रातःकालीन जांच अभियान में दो स्कूल बस चालक शराब के प्रभाव में वाहन चलाते पाए गए। यातायात पुलिस ने दोनों चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों स्कूल बसों को जब्त कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है। संबंधित स्कूल प्रबंधन को भी नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

यातायात पुलिस के अनुसार, स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रतिदिन सुबह 6 बजे से स्कूल बस एवं वैन चालकों की ब्रीथ एनालाइजर से जांच की जा रही है। इसी क्रम में 27 अगस्त की सुबह सहायक उप निरीक्षक रेमन साहू एवं यातायात पुलिस टीम ने स्कूल वाहनों की जांच की। जांच के दौरान हेरिटेज स्कूल और RISE N SHINE स्कूल की बसों के चालकों का ब्रीथ एनालाइजर से परीक्षण किया गया, जिसमें दोनों के शराब के प्रभाव में होने की पुष्टि हुई।

नशे की हालत में स्कूली वाहन चलाना बच्चों सहित अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल दोनों बसों को जब्त कर चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की और प्रकरण न्यायालय भेजा।

Oplus_16908288

लाइसेंस निलंबन के लिए परिवहन विभाग को पत्र

यातायात पुलिस ने दोनों चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने के लिए परिवहन विभाग को पत्र भेजा है। वहीं संबंधित स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को भी पत्र प्रेषित किया गया है। इसी अभियान के दौरान एक अन्य भारी वाहन चालक भी नशे की हालत में वाहन चलाते मिला, जिसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।

स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों से अपील

दुर्ग पुलिस ने सभी स्कूल संचालकों एवं प्रबंधन से अपील की है कि स्कूली बच्चों के परिवहन में लगे चालकों की नियमित जांच करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी चालक नशे की हालत में वाहन न चलाए। पुलिस ने अभिभावकों से भी बच्चों की सुरक्षित आवाजाही को लेकर सजग रहने तथा चालक के नशे में वाहन चलाने की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की है।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा से समझौता करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ जांच और वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news