भिलाई : न्यूज़ 36 : पद्मनाभपुर थाना ने झपटमारी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से झपटा गया सोने का लॉकेट और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पद्मनाभपुर थाना टीआई राजेश मिश्रा ने बताया कि 30 सितंबर को नेवई क्षेत्र के गोवर्धन चौक निवासी 60 वर्षीय बीर सिंह यादव अपनी मोटरसाइकिल से धनोरा में दूध बांटने गए थे। दूध वितरण के बाद वे अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान धनोरा स्थित द मार्क होटल के पास उन्हें मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्ति मिले। उनमें से एक व्यक्ति बीर सिंह की मोटरसाइकिल पर पीछे बैठ गया। कुछ दूरी तय करने के बाद पीछे बैठे व्यक्ति ने बीर सिंह के गले में पहना सोने का लॉकेट झपट लिया और दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। लॉकेट की कीमत करीब 18 हजार रुपए बताई गई है। मामले में धारा 304(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की गई। पुलिस ने संदेही राहुल सोनी निवासी गंजपारा उत्कल कॉलोनी दुर्ग को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने सहयोगी रोहित उर्फ रोहन नागेश निवासी गंजपारा उत्कल कॉलोनी दुर्ग के साथ मिलकर झपटमारी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। दोनों आरोपियों के कब्जे से झपटा गया सोने का लॉकेट, जिसकी कीमत करीब 18 हजार रुपए है, बरामद किया गया।
