पहली पाली में 17,477 और दूसरी में 17,436 परीक्षार्थी उपस्थित
दुर्ग : न्यूज़ 36 : छत्तीसगढ़ सेट परीक्षा 2026 का आयोजन रविवार 4 अक्टूबर को दुर्ग जिले में 80 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न रुप से संपन्न हुआ। व्यापम द्वारा इन केंद्रों के लिए कुल 24,143 परीक्षार्थियों को आबंटित किया गया था।
दुर्ग जिले के समन्वयक एवं शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय, दुर्ग के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम पाली में आयोजित अनिवार्य प्रश्नपत्र में 17,477 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 6,666 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 से 11:15 बजे तक आयोजित की गई।
वहीं, द्वितीय पाली में दोपहर 2 से 4:15 बजे तक 30 अलग-अलग विषयों में परीक्षा आयोजित हुई। इसमें 17,436 परीक्षार्थी उपस्थित रहे तथा 6,707 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
160 पर्यवेक्षकों ने संभाली निगरानी
परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए समन्वयक केंद्र की ओर से 80 पर्यवेक्षक तथा नोडल अधिकारी की ओर से 80 पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए थे। इस प्रकार कुल 160 पर्यवेक्षकों की निगरानी में परीक्षा संपन्न हुई। नोडल अधिकारी सोनल डेविड, जिला समन्वयक डॉ. अजय कुमार सिंह, होमन लाल भोसले सहित सहार समन्वयकों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
प्रथम पाली में सुबह 9:30 बजे के बाद तथा द्वितीय पाली में दोपहर 1:30 बजे के बाद परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई।
छात्राओं की संख्या रही अधिक
परीक्षा केंद्रों पर छात्राओं की संख्या छात्रों की तुलना में अधिक रही। अनुमान के अनुसार 60 प्रतिशत से अधिक छात्राओं ने SET 2026 की परीक्षा में हिस्सा लिया। परीक्षा के दौरान छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल, रायपुर के निर्देशों का पालन कराया गया। परीक्षार्थियों के कानों में आभूषण पहनने पर प्रतिबंध रहा तथा हल्के रंग की हाफ बांह की शर्ट अथवा कुर्ता पहनने के निर्देश दिए गए थे।
परीक्षा सामग्री जमा करने के लिए साईंस कॉलेज, दुर्ग स्थित समन्वय केंद्र को अधिकृत किया गया था। परीक्षा समाप्ति के बाद विभिन्न केंद्रों से परीक्षा सामग्री से भरी पेटियों के समन्वय केंद्र पहुंचने का सिलसिला रात 8 बजे तक जारी रहा। अधिकारियों ने बताया कि पूरी परीक्षा प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
