Wednesday, September 9, 2026

सिविक सेंटर में पार्किंग व्यवस्था बदली, सफेद लाइन के अंदर ही वाहन करना होगा खड़ा

भिलाई : न्यूज़ 36 : सिविक सेंटर मार्केट क्षेत्र में बढ़ती यातायात अव्यवस्था और जाम की समस्या को देखते हुए यातायात पुलिस दुर्ग ने पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने की पहल शुरू की है। अब सिविक सेंटर क्षेत्र में दोपहिया और चारपहिया वाहनों को सड़क किनारे सफेद लाइन के भीतर निर्धारित पार्किंग लेन में ही खड़ा करना होगा।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों और दुकानदारों से निर्धारित पार्किंग व्यवस्था का पालन करने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, कई वाहन चालक निर्धारित पार्किंग क्षेत्र से बाहर अथवा सड़क पर बेतरतीब तरीके से वाहन खड़ा कर देते हैं। इससे सड़क पर आवागमन के लिए जगह कम हो जाती है और यातायात बाधित होने के साथ जाम की स्थिति निर्मित होती है।

सफेद लाइन के बाहर पार्किंग पर कार्रवाई

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित पार्किंग क्षेत्र अथवा सफेद लाइन के बाहर वाहन खड़ा पाए जाने पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जाएगी।

दुकानदारों से भी सहयोग की अपील

यातायात पुलिस ने सिविक सेंटर मार्केट के दुकानदारों से भी अपील की है कि वे अपने ग्राहकों और आम नागरिकों को निर्धारित पार्किंग क्षेत्र में ही वाहन खड़ा करने के लिए प्रेरित करें। दुकानदारों से कहा गया है कि वे ऐसी पार्किंग को बढ़ावा न दें, जिससे मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो।

यातायात पुलिस का कहना है कि सफेद लाइन के भीतर निर्धारित पार्किंग लेन का पालन करने से सड़क पर वाहनों की आवाजाही सुचारू रहेगी और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सुविधा के लिए सड़क पर बेतरतीब पार्किंग करने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थल का ही उपयोग करें।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news