25 अप्रेल से 1 मई के बीच विशेष अभियान
भिलाई : न्यूज़ 36 : जागरूकता की तमाम कोशिशों के बाद भी यातायात के नियमों का पालन न करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसी का नतीजा है कि एक साथ में ही 2466 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई की गई है। दुर्ग यातायात पुलिस ने 25 अप्रैल से 1 मई के बीच विशेष जांच अभियान चलाया, जिसमें नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई के बाद यह आंकड़े सामने आए हैं। अभियान के दौरान जिले के प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार चेकिंग की गई। सिविक सेंटर, सूर्या मॉल चौक, जुनवानी चौक, रिसाली मार्केट और जेल तिराहा सहित कई स्थानों पर चेकिंग प्वाइंट बनाकर संदिग्ध व नियम तोड़ने वाले वाहनों की जांच की गई। कार्रवाई में बिना हेलमेट वाहन चलाना, सीट बेल्ट न लगाना, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग, ओवरलोडिंग, गलत दिशा में चलना और अन्य खतरनाक ड्राइविंग प्रमुख उल्लंघन पाए गए। पुलिस के अनुसार उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, नागरिकों की सुरक्षा और नियमों के प्रति अनुशासन स्थापित करना है। पुलिस ने लोगों से सुरक्षित व जिम्मेदार ड्राइविंग की अपील की है।
