भिलाई : न्यूज़ 36 : नगर निगम भिलाई के एक और नगर निगम रिसाली के दो वार्डों में होने वाले उप चुनाव निरस्त कर दिए गए हैं। रिसाली के वार्ड क्रमांक 2 रूआबांधा, वार्ड 39 पुरैना और भिलाई के वार्ड 1 जुनवानी में पार्षदों के निधन के बाद सीटें खाली हैं। 11 मई से नामांकन प्रक्रिया, 1 जून को मतदान और 4 जून को मतगणना होनी थी। दिसंबर में नगरीय निकाय चुनाव प्रस्तावित हैं, जबकि दोनों निगमों का कार्यकाल जनवरी में समाप्त होना है। ऐसे में उप चुनाव जीतने वाले पार्षदों का कार्यकाल केवल कुछ महीनों का ही रहता। अब दुर्ग जिले में केवल ग्राम पंचायतों के उप चुनाव होंगे। सांसद विजय बघेल ने छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर निर्वाचन प्रक्रिया पर आपत्ति करते हुए चुनाव निरस्त करने कहा था। अधिवक्ता सौरभ चौबे ने भी कहा था कि लगभग 5 माह की अल्पावधि के लिए निर्वाचन कराना शासन के धन, संसाधन एवं प्रशासनिक तंत्र पर अनावश्यक आर्थिक भार डालना होगा।
