Tuesday, May 12, 2026

शिक्षिका के बाहर जाते लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर पार

चोरों ने पिछला दरवाजा भी तोड़ा, पुरानी भिलाई थाने में मामला दर्ज

भिलाई : न्यूज़ 36 : पुरानी भिलाई पुलिस क्षेत्र में सूने मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

पुरानी भिलाई पुलिस के अनुसार प्रार्थिया निशा चौहान पेशे से शिक्षिका हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 9 मई 2026 की सुबह करीब 8.30 बजे वह अपने बेटे हिमांशु चौहान के साथ काम से बलौदाबाजार गई थीं। घर में लगे एक्वेरियम की मछलियों को दाना देने के लिए घर की चाबी अपनी रिश्तेदार सीमा रंगारी को देकर गई थीं।

अगले दिन 10 मई को दोपहर करीब 12 बजे सीमा रंगारी ने फोन कर बताया कि घर में चोरी हो गई है। सूचना मिलने पर निशा चौहान उसी रात करीब 10 बजे घर पहुंचीं। वहां देखा कि मकान का पिछला दरवाजा टूटा हुआ था और बेडरूम में रखी आलमारी का ताला भी टूटा मिला।

आलमारी में रखे सोने और चांदी के जेवरात तथा नकदी गायब थे। चोरी हुए सामान में एक सोने का माला, दो जोड़ी कान के टॉप्स, चार अंगूठियां, एक सोने का हार, एक जोड़ी झुमका, दो कड़े, एक चांदी की चैन, तीन जोड़ी पायल, चार जोड़ी बिछिया तथा 10 हजार रुपये नकद शामिल हैं।

सामान का मिलान करने के बाद 11 मई 2026 को निशा चौहान अपने बेटे के साथ थाना पहुंचीं और रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुरानी भिलाई पुलिस ने अपराध क्रमांक 0253/26 के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 (ए) और 331 (4) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news