मेधावियों ने बिखेरी अपनी बौद्धिक चमक, 40 विद्यार्थी राज्य स्तर के लिए चयनित
भिलाई : न्यूज़ 36 : जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) अछोटी (दुर्ग) में जिला स्तरीय ‘पठनवीर प्रतियोगिता’ का सफल समापन हुआ। राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) रायपुर के दिशा-निर्देशों तथा डाइट के प्राचार्य पी. सी. मरकले के मार्गदर्शन में आयोजित यह वृहद शैक्षणिक यात्रा शाला स्तर से प्रारंभ होकर संकुल, जोन और ब्लॉक स्तर के कड़े मुकाबलों से गुजरते हुए जिला स्तर तक पहुँची।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं पूर्व संघचालक बिसरा राम यादव ने अपने ओजस्वी और प्रेरक विचारों से विद्यार्थियों व शिक्षकों का उत्साहवर्धन किया। डाइट के नोडल अधिकारी सत्येंद्र शर्मा ने बताया कि धमधा, पाटन, दुर्ग ग्रामीण एवं शहरी विकासखंडों के समस्त मिडिल स्कूलों से आए विद्यार्थियों ने इसमें अपनी बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया। मंच संचालन सहायक प्राध्यापक डॉ. वंदना सिंह ने किया। इस दौरान न्यौता भोज का भी आयोजन किया गया,, जिसमें सभी बच्चों ने साथ बैठकर भोजन किया।
निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए बना विशेषज्ञों का विशेष पैनल
कार्यक्रम प्रभारी डॉ. नीलम दुबे ने बताया कि प्रतियोगिता का मूल्यांकन पूरी तरह से पारदर्शी और प्रामाणिक रखने के लिए एक उच्चस्तरीय निर्णायक मंडल का गठन किया गया था। इस पैनल में एससीईआरटी रायपुर से विषय विशेषज्ञ के रूप में सहायक प्राध्यापक डॉ. के. के. साहू, धारा बेन और हर्षिता शामिल थे। उनके साथ ही दुर्ग जिले के विभिन्न विद्यालयों से प्राचार्य सीमा दवे, दीप्ति गुप्ता तथा व्याख्याता हरेंद्र सिंह भुवाल, रेखा रानी मिश्रा व शैफाली सोनो ने निष्पक्ष निर्णय प्रक्रिया में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विभिन्न विधाओं विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मारी बाजी
इस स्पर्धा में पाँच मुख्य विधाओं के अंतर्गत जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं तथा शिक्षकों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जिसमें अंग्रेजी कहानी वाचन स्पर्धा में मोरिद शाला के रुद्रांश निषाद प्रथम तथा कुगदा शाला की ऋतिका द्वितीय रहे। अंग्रेजी वेग पठन प्रतियोगिता में फेंकारी शाला की कुमकुम प्रथम और कोनारी शाला की लीना यादव द्वितीय रहे। गणित विषय की वेग गणना स्पर्धा में मचादुर शाला के कुणाल निषाद प्रथम और धमधा अरसी शाला के वासु देवांग द्वितीय रहे। गणित की ‘मैथ्स मैजिक’ विधा में ढौर शाला के विवेक कुमार साहू प्रथम और खपरी शाला की लाकेश्वरी द्वितीय रहे। सामान्य ज्ञान, राज्य, देश, सामान्य अध्ययन (जी एस) भारतीय ज्ञान परम्परा (आईकेएस) और दृश्य-श्रव्य(एवी) विषयों पर आधारित क्विज प्रतियोगिता में रूदा शाला के तिलेश और मंचादुर शाला के कुणाल निषाद की जोड़ी संयुक्त रूप से प्रथम और पाटन खुड़मुड़ी शाला की चंचला एवं फेंकारी शाला की शैल देवी साहू द्वितीय रहे। इसके अतिरिक्त, शिक्षकों और संकुल समन्वयकों के बीच समसामयिक विषयों पर आयोजित तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता में दुर्ग ग्रामीण के खपरी शाला के जीवन लाल चंद्राकर ने प्रथम, मंचादुर शाला के मिलिंद चंद्रा ने द्वितीय और धमधा पोटिया शाला के पवन सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
एजुकेशनल किट और ट्रॉफी प्रदान कर किया गया सम्मानित
कड़े मुकाबले के बाद कुल 40 श्रेष्ठ विद्यार्थियों का अंतिम रूप से चयन किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि बिसरा राम यादव एवं संस्था प्रमुख पी. सी. मरकले ने सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप ‘एजुकेशनल किट’ भेंट की। इसके साथ ही विभिन्न स्पर्धाओं में प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो व विनर कप प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस गरिमामयी आयोजन के दौरान प्रशासनिक व शैक्षणिक क्षेत्र के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें पाटन से विकासखंड शिक्षा अधिकारी आकांक्षा अग्रवाल, दुर्ग से सौम्य ठाकुर, धमधा से संगीता देवांगन, विकासखंड स्रोत समन्वयक केशव पटेल, श्रवण सिन्हा, श्री वर्मा और जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय दुर्ग से ज्ञान सिंह राजपूत सहित विभिन्न संकुलों के संकुल समन्वयक उपस्थित थे।
