भिलाई : न्यूज़ 36 : नेशनल हाइवे पर नेहरू नगर चौक के पास रविवार- सोमवार की दरम्यानी रात सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। वहीं दो युवक घायल हो गए हैं। घटना रात करीब तीन बजे के आसपास हुई। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पोल से टकराई। हादसे में घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार थार वाहन में सुपेला क्षेत्र में रहने वाले तीन दोस्त आकाश केशरवानी, ऋतिक साहू और करण सिंह कहीं जा रहे थे। बताया जा रहा है कि इस दौरान वाहन की रफ्तार काफी तेज थी। नेहरु नगर चौक के पास तेज रफ्तार के चलते थार वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे सूचना प्रदर्शित करने लगाए गए पोल से टकरा गई। इससे थार वाहन के सामने का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में आकाश केशरवानी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं करण सिंह व ऋतिक साहू घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सुपेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना की जांच के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। घायल करण सिंह को हाईटेक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं ऋतिक साहू को सामान्य चोंट लगी है।
