भिलाई : न्यूज़ 36 : नगर निगम भिलाई क्षेत्र में बिजली वितरण कंपनियों द्वारा स्थापित विद्युत खंभों पर पिछले 15 वर्षों से संपत्तिकर बकाया है। निगम ने वित्तीय वर्ष 2012-13 से 2026-27 तक का कुल 11 करोड़ सात लाख चार हजार 300 रुपये संपत्तिकर जमा करने के लिए विद्युत विभाग को नोटिस जारी किया है। निगम आयुक्त ने बिजली कंपनी के अधिकारियों को बकाया राशि जमा करने को कहा है।
निगम क्षेत्र में कुल 44 हजार 952 बिजली खंभे स्थापित हैं। वित्तीय वर्ष 2012-13 से 2024-25 तक प्रति खंभा 125 रुपये प्रतिवर्ष की दर से संपत्तिकर निर्धारित किया गया है। इस अवधि के 13 वर्षों का कुल आठ करोड़ 62 लाख चार हजार 460 रुपये संपत्तिकर बकाया है। वहीं, वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के लिए प्रति बिजली खंभा 250 रुपये प्रतिवर्ष की दर से संपत्तिकर निर्धारित किया गया है। इन दो वित्तीय वर्षों का कुल बकाया दो करोड़ 44 लाख 99 हजार 840 रुपये बताया गया है। इस तरह दोनों अवधि का कुल बकाया जोड़ने पर बिजली वितरण कंपनी को 11 करोड़ 7 लाख 4 हजार 300 रुपये संपत्तिकर जमा करना होगा। इधर, निगम की ओर से जारी इस नोटिस को लेकर चर्चा है कि इसे बिजली कंपनी द्वारा निगम के बकाया बिजली बिल का भुगतान नहीं होने पर कनेक्शन काटने संबंधी नोटिस के जवाब के रूप में देखा जा रहा है।
बिजली खंभों के बकाया संपत्तिकर के भुगतान को लेकर नोटिस जारी हुआ है। इस राशि से बकाया बिजली बिल की समायोजन की अपेक्षा है।
सुरुचि सिंह, आयुक्त, नगर निगम भिलाई
