भिलाई : न्यूज़ 36 : रेलवे ने दुर्ग-दल्लीराजहरा-ताड़ोकी रेल मार्ग पर 12 कोच वाली समर स्पेशल मेमू पैसेंजर ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।
यह विशेष सेवा गर्मी के मौसम में बढ़ती यात्री भीड़ को देखते हुए शुरू की गई है, जिससे बस्तर व दुर्ग संभाग के बीच आवागमन और अधिक सुगम हो सकेगा। रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 08711 ताड़ोकी-दुर्ग समर स्पेशल ट्रेन 22 मई को ताड़ोकी से सुबह 7:30 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन अंतागढ़ में प्रातः 7:46 बजे, दल्लीराजहरा में प्रातः 8:46 बजे, मरौदा में सुबह 10:35 बजे रुकते हुए सुबह 11:15 बजे दुर्ग पहुंचेगी।
वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 08712 दुर्ग-ताड़ोकी समर स्पेशल ट्रेन 26 मई को दुर्ग से प्रातः 7:00 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन मरौदा में प्रात: 7:25 बजे, दल्लीराजहरा में सुबह 9:12 बजे, अंतागढ़ में सुबह 9:55 बजे ठहराव के बाद सुबह 10:30 बजे ताड़ोकी पहुंचेगी। इस विशेष मेमू सेवा के संचालन से क्षेत्रीय यात्रियों, दैनिक यात्रियों, छात्रों और व्यापारियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही बस्तर क्षेत्र के दूरस्थ इलाकों से दुर्ग तक की कनेक्टिविटी और अधिक मजबूत होगी।
