भिलाई : न्यूज़ 36 : राज्य वस्तु एवं सेवा कर (स्टेट GST) विभाग ने करोड़ों रुपये की कथित टैक्स चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आयरन एवं स्टील स्क्रैप कारोबारी विजय यादव को दुर्ग जिले के उतई उतई से गिरफ्तार किया है। आरोपी का रायपुर, दुर्ग सहित प्रदेश के कई जिलों में कारोबार संचालित है।
सूत्रों के अनुसार, स्टेट GST विभाग को लंबे समय से कारोबारी द्वारा बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी किए जाने की शिकायतें और सूचनाएं मिल रही थीं। प्रारंभिक जांच में साक्ष्य मिलने के बाद विभाग की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए विजय यादव को उतई से गिरफ्तार किया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक विजय यादव का मायरा स्टील प्रतिष्ठान ग्राम फुंड़ा में स्थित है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को रायपुर स्थित स्टेट GST मुख्यालय लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान टैक्स चोरी के नेटवर्क, फर्जी बिलिंग और अन्य संभावित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े अहम खुलासे हो सकते हैं।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी स्टेट GST विभाग विजय यादव के कारोबार के संबंध में कार्रवाई कर चुका है। फिलहाल विभाग पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रहा है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
