पत्नी-बेटे की मौत, आरोपी महिला गिरफ्तार
भिलाई : न्यूज़ 36 : शहर के स्मृति नगर चौकी क्षेत्र स्थित एसटीएफ कॉलोनी में शनिवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां एक आरक्षक के घर में घुसकर आरोपी महिला ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में आरक्षक की पत्नी और 9 वर्षीय बेटे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि गंभीर रुप से घायल बेटी को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
स्मृति नगर पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक आरक्षक नितेश यादव के घर पर आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज ने अचानक हमला कर दिया। घटना के दौरान घर में मौजूद एक अन्य बच्चे ने बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। प्रारंभिक जांच में आरक्षक और आरोपी महिला के बीच अवैध संबंधों की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला एक दिन पहले भी आरक्षक के घर पहुंची थी, जिसे समझाइश देकर वापस भेज दिया गया था।
इसी आपसी विवाद और रंजिश के चलते महिला ने रविवार को घर में घुसकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपी महिला को पुलिस अभिरक्षा में लेकर स्मृतिं नगर पुलिस द्वारा गहन पूछताछ की जा रही है। साथ ही हत्या के मूल कारणों की जांच की जा रही है।
दुर्गं पुलिस ने मामला दर्ज कर कॉलोनी में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच जारी है।
