Monday, May 18, 2026

सेल अधिकारियों के लंबित मुद्दों पर सेफी ने नए CMD अशोक पांडा से की चर्चा

भिलाई : न्यूज़ 36 : स्टील एक्जीक्यूटिव्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (सेफी) के प्रतिनिधिमंडल ने सेल के नवनियुक्त सीएमडी डॉ. अशोक कुमार पंडा से मुलाकात कर उन्हें नई जिम्मेदारी संभालने तथा सेल के बेहतर प्रदर्शन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान सेल अधिकारियों से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

सेफी चेयरमेन एन.के. बंछोर के नेतृत्व में वाइस चेयरमेन नरेंद्र सिंह एवं महासचिव संजय आर्य ने दिल्ली में आयोजित बैठक में अधिकारियों की समस्याओं एवं हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषय उठाए। प्रतिनिधिमंडल ने सेल के डायरेक्टर (पर्सनल) के. के. सिंह एवं ईडी (एचआर) राजीव पाण्डेय से भी मुलाकात कर विभिन्न लंबित मुद्दों के शीघ्र समाधान की मांग की।

पेंशन और रिटायरमेंट लाभ पर जोर

सेफी ने डीपीई दिशानिर्देशों के अनुसार 30 प्रतिशत सेवानिवृत्ति लाभ लागू करने की मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल ने पेंशन योगदान 9 प्रतिशत से कम होने पर चिंता जताते हुए “डिफाइंड कंट्रीब्यूशन” व्यवस्था को स्थिर रूप में बहाल करने की आवश्यकता बताई। कोलयरी और सीएमपीएफ सदस्यों से जुड़े मामलों पर भी चर्चा की गई।

पीआरपी भुगतान जल्द करने की मांग

बैठक में वित्तीय वर्ष 2018-19 के लिए 2 प्रतिशत इंक्रीमेंटल पीआरपी भुगतान का मुद्दा भी उठाया गया। वहीं सीएमडी डॉ. अशोक पंडा ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के पीआरपी भुगतान को जल्द जारी करने का आश्वासन दिया।

मेडिक्लेम योजना में सुधार की मांग

सेफी ने सेल मेडिक्लेम पॉलिसी में सुधार, ओपीडी और आईपीडी सीमा बढ़ाने तथा कॉरपोरेट बफर को मजबूत करने की मांग रखी। प्रबंधन ने नई मेडिक्लेम योजना जल्द लागू करने का भरोसा दिलाया।

जेओ पे-अनामली और सीनियारिटी मुद्दा उठाया

प्रतिनिधिमंडल ने जेओ-2008-10 बैच की पे-अनामली और जेओ-2018 बैच की नोशनल सीनियारिटी से जुड़े मामलों के जल्द समाधान का अनुरोध किया।

सेल की आय बढ़ाने के सुझाव

सेफी ने सेल की खाली जमीनों और मकानों को लीज एवं लाइसेंस पर देने, धार्मिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं के लंबित लीज नवीनीकरण को व्यवहारिक दरों पर मंजूरी देने तथा माइंस में पड़े विभिन्न फाइंस के विक्रय में तेजी लाने जैसे सुझाव दिए। संगठन का मानना है कि इससे सेल के राजस्व में वृद्धि होगी।
सुरक्षा पर कोई समझौता नहीं

सेफी ने सेल की विभिन्न इकाइयों में हाल में हुई दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों से सुरक्षा मानकों, एसओपी और परमिट सिस्टम का सख्ती से पालन करने की अपील की। संगठन ने स्पष्ट कहा कि किसी भी परिस्थिति में सुरक्षा से समझौता स्वीकार्य नहीं है।

शानदार वित्तीय प्रदर्शन पर बधाई

सेफी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में सेल के बेहतर वित्तीय प्रदर्शन, लाभप्रदता में वृद्धि, राजस्व बढ़ोतरी और कर्ज में कमी के लिए सभी कर्मचारियों एवं अधिकारियों को बधाई दी। साथ ही उत्पादकता, तकनीकी दक्षता और लागत नियंत्रण की दिशा में और अधिक प्रतिबद्धता से कार्य करने का आह्वान किया।

सेफी चेयरमेन एन.के. बंछोर ने कहा कि संगठन सेल अधिकारियों के अधिकारों, सम्मान और वैध हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा सभी मुद्दों पर सरकार और प्रबंधन से लगातार संवाद जारी रखेगा।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news