दुर्ग पुलिस ने 30,000 रुपये का इनाम घोषित किया
दुर्ग : न्यूज़ 36 : थाना पद्मनाभपुर क्षेत्र में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दुर्ग पुलिस ने 30,000 रुपये का इनाम घोषित किया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंदा ने बताया कि अपराध क्रमांक 38/2024 धारा 229 (BNS) के तहत दर्ज प्रकरण में आरोपी जसपाल सिंह (35 वर्ष), निवासी एचआईजी 2862/3862, एमपी हाउसिंग बोर्ड, जामुल, जिला दुर्ग को पूर्व में न्यायालय से रिहाई मिली थी। लेकिन रिहा होने के बाद वह न्यायालय में पेश नहीं हुआ और लगातार फरार है।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग पुलिस द्वारा उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश और संभावित ठिकानों पर खोजबीन की जा रही है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस महानिरीक्षक, दुर्ग रेंज द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी पर ₹30,000 का नगद इनाम घोषित किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी न्यायालय में पेशी से बचने के उद्देश्य से फरार है।
आम नागरिकों से अपील
दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि आरोपी के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी तथा निर्धारित इनाम भी प्रदान किया जाएगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास जारी हैं।
